खुशखबरी, RBI गवर्नर ने दिया सस्ते होम लोन, कार लोन का तोहफा, रेपो रेट मे बड़ी कटौती

RBI Governor: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा ने नीतिगत ब्याज दरों (Repo Rate) में कटौती कर जनता को बड़ी राहत दी है। उनकी अगुआई में हुई पहली मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) मीटिंग में करीब पांच साल बाद रेपो रेट में 0.25% की कटौती करने का फैसला लिया गया। इस बदलाव के बाद रेपो रेट 6.5% से घटकर 6.25% हो गया है।
लोन सस्ते होंगे, EMI में मिलेगी राहत
रेपो रेट कटौती के बाद होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज सस्ते हो जाएंगे। अगर आपने फ्लोटिंग रेट पर होम या कार लोन लिया है तो आपकी EMI भी कम हो जाएगी। फरवरी 2025 में पेश किए गए केंद्रीय बजट में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को टैक्स फ्री करने के फैसले के बाद यह आम जनता के लिए दूसरी बड़ी राहत है।
RBI के फैसले से लोन कैसे होगा सस्ता?
बैंक, ग्राहकों को लोन देने के लिए RBI से पैसे उधार लेते हैं। जिस दर पर RBI बैंकों को कर्ज देता है, उसे रेपो रेट कहा जाता है। जब रेपो रेट कम होता है, तो बैंकों को सस्ता कर्ज मिलता है, जिससे वे आम जनता के लिए ब्याज दरों में कटौती कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, अगर रेपो रेट 6% है, तो बैंक इससे कम ब्याज दर पर लोन नहीं दे सकते, क्योंकि उन्हें अपनी लागत भी निकालनी होती है। इसलिए, जब भी RBI रेपो रेट घटाता है, तो बैंक भी उसी अनुपात में कर्ज सस्ता कर देते हैं। इस बार भी रेपो रेट कम हुआ है, जिसका सीधा फायदा आम जनता को मिलेगा। कार लोन, होम लोन और पर्सनल लोन सस्ते होंगे, और EMI कम होगी।
पिछली बार कब घटी थी ब्याज दर?
इससे पहले, मई 2020 में कोरोना महामारी के दौरान RBI ने रेपो रेट में 0.40% की कटौती की थी, जिससे यह 4% तक गिर गया था। हालांकि, रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक अनिश्चितता बढ़ी और RBI ने महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ब्याज दरों में लगातार बढ़ोतरी की। यह सिलसिला फरवरी 2023 में जाकर रुका, जब ब्याज दरों को स्थिर रखा गया।
RBI गवर्नर संजीव मल्होत्रा का बड़ा ऐलान, लोगों को दिया सस्ती ब्याज दर का तोहफा