MONSOON: मौसम विभाग ने दी जानकारी, जानिए NCR-हरियाणा में कब दस्तक देगा मानसून?

MONSOON: 18 जून से कुछ जिलों से शुरू होने वाली प्री-मानसून बारिश ही कुछ राहत देगी। 18 जून को चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद और सिरसा में बारिश के आसार हैं।

 

Haryana Update: मध्यप्रदेश और राजस्थान में प्री मानसून एक्टिविटी शुरु हो चुकी है लेकिन गुजरात में 4 दिन पहले मानसून दस्तक देने के बावजूद मानसून टक गया है। मौसम विभाग के अनुसार कमजोर मानसून के चलते इसे आगे बढ़ने में देरी हो रही है। फिलहाल मानसून मध्यप्रदेश में 18 से 19 जून के बीच दस्तक दे सकता है। वहीं गुजरात में झमाझम बरसात हो रही है। 
पूर्वोत्तर में बारिश का रेड अलर्ट 

वहीं देश में पूर्वोतर के इलाकों में मानसून बहुत सक्रिय है। 19 जून तक नॉर्थ -ईस्ट के असम, मेघालय सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर मिजोरम, त्रिपूरा में बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान इन राज्यों में बारिश की संभावना है। 

हरियाणा-एनसीआर में भीषण गर्मी 
वहीं हरियाणा-एनसीआर की बात करें तो यहां भीषण गर्मी का प्रकोप है। ज्यादातर जगहों पर तापमान 45 पार है। हरियाणा के नूंह में तापमान 46.5 डिग्री दर्ज किया गया है। साथ ही सभी जिलों में लू का अलर्ट है। वहीं चंडीगढ़ में भी राहत के आसार नहीं है। यहां भी लोगों का गर्मी से हाल बेहाल है। घर से बाहर कदम रखते ही लू के थपेड़ों से लोगों का सामना हो रहा है। रात में भी पारा 35 पार है जिससे रात की नींद भी बैचेनी में कट रही है।

पंजाब में भी लू और गर्मी का अलर्ट 
पंजाब के लोगों को भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए लू और गर्मी का अलर्ट जारी कर दिया है। पंजाब के फाजिल्का में सबसे ज्यादा 47.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वहीं पंजाब के कई जिलों में 18 जून से बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हरियाणा में कब होगी बारिश?  
हरियाणा में अभी गर्मी का कहर जारी रहने वाला है। हालांकि 18 जून से कुछ जिलों से शुरू होने वाली प्री-मानसून बारिश ही कुछ राहत देगी। 18 जून को चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद और सिरसा में बारिश के आसार है, जबकि 19 जून और 20 जून को चंडीगढ़ समेत हरियाणा के ज्यादातर जिलों में बारिश के आसार है, जिससे हरियाणा में रहने वाले लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी।

हरियाणा-एनसीआर में कब आएगा मानसून?
मौसम विभाग से मिले ताजा अपडेट के मुताबिक इस पूरे महीने हरियाणा वासियों को मानसून का इंतज़ार करना पड़ेगा क्योंकि अभी तक जो मानसून की रफ्तार है, उसके मुताबिक ये 30 जून तक झमाझम बारिश से हरियाणा को भिगो सकता है। ऐसे में मानसून के लिए अभी हरियाणा को थोड़ा इंतज़ार करना पड़ेगा।